This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

अर्धकुंवारी में भूस्खलन से बड़ा हादसा, तीसरे दिन भी वैष्णो देवी यात्रा बंद, रास्ते में फंसे श्रद्धालु

User Rating: 0 / 5

Star InactiveStar InactiveStar InactiveStar InactiveStar Inactive
 

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के अर्धकुंवारी पड़ाव पर 26 अगस्त दोपहर करीब 3 बजे भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। यह हादसा इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ, जिसमें करीब 34 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घटना के बाद यात्रा रोक दी गई है।
भूस्खलन के बाद यात्रा को तीसरे दिन भी स्थगित कर दिया गया। कई श्रद्धालु कटरा और आसपास के होटलों में फंसे हुए हैं और यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से मलबा साफ होने तक धैर्य रखने को कहा है।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने मृतकों के शव उनके घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। अब तक 24 मृतकों की पहचान हो चुकी है। श्राइन बोर्ड मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और डिजास्टर मैनेजमेंट की ओर से 4 लाख रुपये दिए जाएंगे।
जम्मू और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 25 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने पूरे प्रदेश में गुरुवार को स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं।
लगातार बारिश से कश्मीर की झेलम नदी और कई नाले खतरे के निशान पर बह रहे हैं। श्रीनगर के राजबाग इलाके और अनंतनाग जिले के कई घरों में पानी भर गया। यहां दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई।