गुना। कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र में बोलेरो कार एवं मोटर सायकिल से अवैध मादक पदार्थ गांजा सप्लाई की सूचना पर साढ़े अट्ठाईस किलो गांजा के साथ आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जिनके कब्जे से करीब 05 लाख के गांजा एवं बोलेरो कार व मोटर सायकिल सहित कुल तकरीबन 15 लाख का माल जप्त करने में सफलता प्राप्त की है ।
दिनांक 20 मई 2026 की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि गुना बायपास हाईवे स्थित ढाबा के पास कच्चे रास्ते पर एक बोलेरो कार एवं मोटर सायकिल से दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हुए हैं । थाना क्षेत्र में गांजा सप्लाई की सूचना को पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए मुखबिर के बताए अनुसार बोलेरो कार एवं मोटर सायकिल के साथ दो व्यक्ति दिखाई दिए, जिनकी पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी की गई और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया । पूछताछ में उनके द्वारा अपने नाम 1-विनोद पुत्र भैयालाल साहू उम्र 35 वर्ष एवं 2-भैयालाल पुत्र स्व. मदनलाल साहू उम्र 65 वर्ष निवासीगण ग्राम पिपरौदा खुर्द थाना कैंट गुना होना बताए और आपस में पिता-पुत्र होना बताया ।
मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा उनकी विधिवत तलाशी लेने पर बोलेरो कार से एक काले रंग का प्लास्टिक कट्टा बरामद हुआ, जिसमें खाकी रंग के टेप से लिपटे 28 पैकेटों में कुल 28.450 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला । पुलिस द्वारा आरोपियों से बरामद गांजा अनुमानित कीमत करीब 05 लाख रुपये, तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो कार कीमती लगभग 09 लाख रुपये एवं मोटर सायकिल कीमती करीब 01 लाख रुपये सहित कुल लगभग 15 लाख रुपये का माल विधिवत जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और जिनके विरुद्ध कैंट थाने में अपराध क्रमांक 372/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।




