This website uses cookies to ensure you get the best experience on our website.

अवैध कॉलोनियों पर सख्ती की तैयारी , ....गुना मंडी में 8 जून से डाक नीलामी ठप करने की चेतावनी

User Rating: 0 / 5

Star InactiveStar InactiveStar InactiveStar InactiveStar Inactive
 

गुना। गुना शहर का विकास केवल प्लॉट बेचने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसी व्यवस्थित और सुविधायुक्त कॉलोनियां विकसित हों जहां आम नागरिकों को कम लागत में घर मिल सके और बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हों। कलेक्टर ने गुरुवार को जिले के कॉलोनाइजरों के साथ आयोजित बैठक में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का सपना अपना घर होने का होता है, इसलिए कॉलोनी विकास में लाभ कमाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और शहर के सुनियोजित विकास को भी प्राथमिकता देनी होगी। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुरूप विकसित कॉलोनियों को प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा, जबकि अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि भविष्य की कॉलोनियों में केवल सड़क, बिजली और पानी ही नहीं बल्कि दैनिक जीवन से जुड़ी सेवाओं की भी व्यवस्था होनी चाहिए। खाना बनाने, कपड़े धुलाई, साफ-सफाई, एसी एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत जैसी सेवाएं कॉलोनी स्तर पर उपलब्ध कराने के मॉडल विकसित किए जाएं, जिससे रहवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में आधुनिक एवं पर्यावरण हितैषी निर्माण तकनीकों के उपयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने बताया कि भवनों में ऐसी तकनीकें अपनाई जा सकती हैं जिनसे तापमान नियंत्रित रहे, ऊर्जा की बचत हो और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। कॉलोनाइजरों से नवाचार आधारित निर्माण को बढ़ावा देने की अपील भी की गई। वैध कॉलोनियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी
कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्वीकृत एवं वैध कॉलोनियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और वे वैध परियोजनाओं में ही निवेश या मकान खरीदने को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल अवैध कॉलोनियों की प्रवृत्ति को भी रोकने में मददगार होगी।
बैठक में कॉलोनी विकास से जुड़ी अनुमतियों एवं विभागीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम विकसित करने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने कहा कि इसके तहत एक नोडल अधिकारी के माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रक्रियाओं का समन्वय किया जाएगा, जिससे कॉलोनाइजरों को अनावश्यक देरी और बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
बैठक में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कॉलोनी विकास की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ले-आउट अनुमोदन, स्वीकृति संबंधी प्रावधान तथा प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम-2016, मध्यप्रदेश एकीकृत टाउनशिप नियम-2026 सहित अन्य संबंधित अधिनियमों की जानकारी भी साझा की गई। एसडीएम द्वारा कॉलोनाइजरों को सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने के बाद ही विकास कार्य शुरू करने की सलाह दी गई। साथ ही अवैध कॉलोनियों के दुष्परिणाम एवं संभावित कानूनी कार्रवाई के संबंध में भी
जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान विभिन्न कॉलोनाइजरों ने अपने सुझाव रखे तथा कॉलोनी विकास से जुड़े व्यावहारिक प्रश्नों और शंकाओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों द्वारा सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी देकर उनका समाधान किया गया।
-------------------------------------
अंतर्राज्यीय नशा तस्कर पति-पत्नि गिरफ्तार, 51 ग्राम स्मैक व मोटरसाइकिल बरामद
गुना।गुना मृगवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव और उनकी टीम द्वारा राजस्थान तरफ से स्मैक तस्करी करते हुए अंतर्राज्यीय नशा तस्कर पति-पत्नि गिरफ्तार उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
रात मृगवास थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राजस्थान तरफ से हीरो स्प्लेण्डर मोटर सायकिल क्रमांक RJ28 SZ 8069 पर एक महिला-पुरूष नशीला पदार्थ स्मैक लेकर सानई-कुम्भराज के रास्ते मधूसूदनगढ़ तरफ जाने वाले हैं । तत्काल मृगवास थाने से पुलिस की एक टीम रवाना की गई । टीम द्वारा ग्राम बंजारीकला पठार पहुंचकर नाकाबंदी की गई एवं कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिया अनुसार मोटर सायकिल पर महिला-पुरूष के आने पर पुलिस टीम द्वारा उन्हें घेराबंदी कर रोक लिया गया, पूछताछ पर उनके द्वारा अपने नाम राकेश पुत्र रंगलाल मीना उम्र 33 साल एवं पायल पत्नि राकेश मीना उम्र 33 साल निवासीगण ग्राम पाटड़ी थाना हर्नावदा जिला बांरा राजस्थान के बताये एवं दोंनो का आपस में पति-पत्नि होना बताया । मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा उनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 51.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई ।
आरोपियों से बरामद स्मैक अनुमानित कीमत 5.10 लाख रुपये एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल कीमती लगभग 90 हजार रुपये सहित कुल कीमती 06 लाख रुपये मूल्य का मसरुका विधिवत जप्त कर आरोपी पति-पत्नि को गिरफ्तार किया गया और जिनके विरुद्ध मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 61/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । आरोपियों के स्मैक तस्‍करी से जुड़े अन्य स्त्रोतों एवं संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है ।
-------------------------------------------------------------
अवैध परिवहन में संलिप्त 02 ट्रैक्‍टर-ट्रॉली जब्त
गुना शुक्रवार को गुना शहर क्षेत्र में खनिज परिवहन करने वाले वाहनों का औचक निरीक्षण किया गया। जिला खनिज अधिकारी सचिन वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान एम- सैंड का बिना रॉयल्टी के अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। जब्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक विजय चक्रवर्ती एवं विभागीय अमले द्वारा की गई।
------------------------------------------
गुना मंडी में 8 जून से डाक नीलामी ठप करने की चेतावनी
गुना। गुना कृषि उपज मंडी नानाखेड़ी में आगामी 8 जून से व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो सकती हैं। मंडी परिसर में स्थित गोदामों और प्लॉटों का किराया जमा न होने से नाराज संयुक्त गल्ला व्यापार संघ, अनाज तिलहन व्यापारी संघ और ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन ने आगामी 8 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का कड़ा फैसला लिया है। इस संबंध में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि मंडी प्रशासन ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं, तो समस्त व्यापारी सामूहिक रूप से डाक नीलामी प्रक्रिया से बाहर रहेंगे।
व्यापारियों ने बताया कि मंडी परिसर के भीतर स्थित किराया गोदाम, लीज गोदाम और शॉप-कम-गोदाम का किराया पिछले काफी समय से मंडी समिति द्वारा जमा नहीं किया जा रहा है। किराया जमा न होने की स्थिति में इस राशि पर लगातार ब्याज बढऩे का खतरा मंडरा रहा है, जिससे व्यापारियों के हर वर्ष के आय-व्यय (जमा-खर्च) का मिलान और ऑडिट प्रभावित हो रहा है।